धर्मवीर प्रजापति ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कलैक्ट्रेट के तिकोनिया पार्क में पौधा रोपित
Gargachary Times
5 June 2026, 20:32
36 views
Mainpuri
जनपद के प्रभारी मंत्री, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा धर्मवीर प्रजापति ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कलैक्ट्रेट के तिकोनिया पार्क में पौधा रोपित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, पर्यावरण को सुरक्षित और स्वच्छ बनाए रखने के लिए निरंतर विचार-विमर्श, जनजागरूकता तथा ठोस प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरणीय चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं, जलवायु परिवर्तन, वायु प्रदूषण, जल संकट तथा हरित क्षेत्र में कमी जैसी समस्याएं देश के सामने गंभीर चुनौती बनकर खड़ी हैं, ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि हम सभी अपने दैनिक जीवन में ऐसे अनेक कार्य कर सकते हैं, जो पर्यावरण के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर भी हम पर्यावरण को बेहतर बना सकते हैं। उन्होने वृक्षारोपण के महत्व पर विशेष प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं, वृक्ष न केवल हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं बल्कि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने, तापमान नियंत्रित करने तथा जैव विविधता को संरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए ताकि वह एक पूर्ण विकसित वृक्ष बन सके।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान पूरी दुनिया ने कठिन परिस्थितियों का सामना किया, उस दौर ने मानव जीवन, स्वास्थ्य तथा पर्यावरण के महत्व को नई दृष्टि से समझने का अवसर दिया, महामारी के समय स्वच्छ वातावरण और शुद्ध हवा की आवश्यकता को सभी ने महसूस किया इसलिए यह आवश्यक है कि भविष्य में ऐसी किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति से बचने के लिए हम पर्यावरण संरक्षण के प्रति अधिक सजग और संवेदनशील बनें। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हमारा नैतिक दायित्व है, बच्चों और युवाओं को शुद्ध वायु, स्वच्छ जल और हरित वातावरण उपलब्ध कराना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी है यदि हम आज पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाते हैं, तो भविष्य की पीढ़ियां एक बेहतर और स्वस्थ जीवन प्राप्त कर सकेंगी। उन्होने जल संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि पानी जीवन का आधार है और इसकी प्रत्येक बूंद अमूल्य है, वर्तमान समय में भू-जल स्तर में लगातार गिरावट और जल स्रोतों के प्रदूषित होने की समस्या चिंता का विषय है, ऐसे में जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं, वर्षा जल संचयन, जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा जल स्रोतों के संरक्षण जैसे उपायों को जनांदोलन का रूप देना होगा।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी विशेष आवश्यकता के कारण कहीं पेड़ काटना अपरिहार्य हो, तो उसके स्थान पर अधिक संख्या में पौधे लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि एक पेड़ काटना आवश्यक हो, तो उसके बदले कम से कम दो पौधे अवश्य लगाए जाएं, इससे पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में सहायता मिलेगी और हरित क्षेत्र का विस्तार भी होगा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा वृक्षारोपण को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने के लिए जनसहभागिता बढ़ाने तथा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने का आह्वान भी किया।
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि जनपद में मियावाकी पद्धति पर आधारित विशेष वन क्षेत्र विकसित करने की भी योजना बनाई गई है, वन विभाग द्वारा चिन्हित भूमि पर सघन पौधारोपण कर हरित उपवन विकसित किया जाएगा, सभी विभागों को गड्ढा खुदाई, पौधों की उपलब्धता, नर्सरी आवंटन एवं संरक्षण संबंधी दायित्व सौंप दिए गए हैं, पौधों के संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अधिकाधिक हितधारकों को जोड़कर पौधों की जीवितता सुनिश्चित की जाएगी।
प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी, अपर जिलाधिकारी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर आधारित चित्रकला प्रतियोगता में प्रथम स्थान पाने वाली एलीना, द्वितीय स्थान पाने वाले अग्रिम राज, निबन्ध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रिया पाल, द्वितीय स्थान पाने वाले आकाश गुप्ता को प्रतीक चिन्ह, प्रशस्ति पत्र, पौधा एवं एनजीओ की महिलाओं, अन्य स्कूली बच्चों को वृक्ष भंडारा के तहत क्यू.आर. कोड सहित पौधा उपलब्ध कराते हुए कहा कि सभी बच्चे उपलब्ध कराये गये पौधे को अपनी मॉ के नाम रोपित कर क्यू.आर. कोड स्कैन कर अपलोड करें और उसकी बेहतर देखभाल करंे।
इस दौरान पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री, अध्यक्ष जिला पंचायत अर्चना भदौरिया, जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, गोविन्द भदौरिया, ब्लॉक प्रमुख जागीर, बेवर, मुनेष चौहान, भल्लू चौहान के अलावा पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा आदि उपस्थित रहे।