संघ शिक्षा वर्ग के शिक्षार्थियों का निकला भव्य पथ संचलन, पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत
Gargachary Times
5 June 2026, 20:40
46 views
Mathura
फरह। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में चल रहे 15 दिवसीय संघ शिक्षा सामान्य एवं विशेष वर्ग के अंतर्गत शुक्रवार को शिक्षार्थियों द्वारा अनुशासन, संगठन और राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए भव्य पथ संचलन निकाला गया। पूर्ण गणवेश में कदम से कदम मिलाकर चल रहे स्वयंसेवकों के अनुशासित कदमताल ने नगरवासियों का ध्यान खींचा।
पथ संचलन आर.डी. इंटर कॉलेज परिसर से प्रारंभ हुआ और ओल क्षेत्र, पीपला रोड, ब्राह्मण मोहल्ला एवं ओल चौकी मार्ग से होता हुआ पुनः आर.डी. इंटर कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुआ। संचलन के आगे-आगे घोष वादकों की मधुर धुनें चल रही थीं, जिसके साथ स्वयंसेवक पूर्ण अनुशासन और एकरूपता में आगे बढ़ रहे थे। पूरे मार्ग में स्वयंसेवकों के चेहरे पर समर्पण और संगठन के प्रति आस्था का भाव स्पष्ट दिखाई दे रहा था।
संचलन मार्ग पर जगह-जगह नागरिकों ने स्वयंसेवकों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। लोग घरों और दुकानों से बाहर निकलकर पथ संचलन का अवलोकन करते रहे। नगर का वातावरण राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता के भाव से ओत-प्रोत दिखाई दिया। नागरिकों ने स्वयंसेवकों के अनुशासन, वेशभूषा की एकरूपता और संगठनात्मक प्रदर्शन की मुक्तकंठ से सराहना की।
संघ शिक्षा वर्ग में विभिन्न जनपदों से आए शिक्षार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इस वर्ग के माध्यम से स्वयंसेवकों को शारीरिक, बौद्धिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि उनमें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक दायित्वबोध और राष्ट्रसेवा की भावना का विकास हो सके। पथ संचलन इसी प्रशिक्षण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है, जिसमें स्वयंसेवक अनुशासन और समन्वय का प्रत्यक्ष प्रदर्शन करते हैं।
पथ संचलन के दौरान मुख्य शिक्षक माधव, वर्ग सर्वाधिकारी राजकुमार, वर्ग पालक महावीर, वर्ग कार्यवाह विजेंद्र, वर्ग बौद्धिक प्रमुख नरेंद्र, वर्ग व्यवस्था प्रमुख विजेंद्र, प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र, विभाग प्रचारक पारस एवं जिला प्रचारक कुशअवतार सहित संघ के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मार्ग में नरेंद्र शर्मा, दीपक चौधरी, मनीष ओझा, प्रकाश, सिद्धार्थ, लकी, विक्रांत, संतोष एवं गुड़िया देवी सहित अनेक नागरिकों ने स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। संचलन के समापन पर उपस्थित पदाधिकारियों ने नागरिकों के सहयोग और स्नेह के प्रति आभार व्यक्त किया।