Loading...

विश्व पर्यावरण दिवस पर चला "एक पेड़ माँ के नाम "अभियान के तहत सीएमओ कार्यालय में हुआ वृक्षारोपण कार्यक्रम

Gargachary Times 5 June 2026, 20:43 85 views
Firozabad
विश्व पर्यावरण दिवस पर चला "एक पेड़ माँ के नाम "अभियान के तहत सीएमओ कार्यालय में हुआ वृक्षारोपण कार्यक्रम
फिरोजाबाद। विश्व पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को फिरोजाबाद स्थित सीएमओ कार्यालय परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर रामबदन राम जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी . चीफ फार्मासिस्ट उमेश तिवारी . डिप्टी सीएमओ डॉ. के.के. वर्मा ने पौधारोपण करते हुए कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक भावनात्मक प्रयास भी है।कार्यक्रम में डिप्टी सीएमओ उमेश तिवारी ने भी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत बन गया है। यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देना है तो सभी को वृक्षारोपण के लिए आगे आना होगा। वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान नवलेश शर्मा, पवन चौधरी, अंबिका पाण्डेय, विशाल तिवारी सहित अन्य कर्मचारियों एवं गणमान्य लोगों ने भी पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प भी लिया। सीएमओ कार्यालय परिसर में लगाए गए पौधों से वातावरण हराभरा दिखाई दिया और पूरे कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के प्रति उत्साह देखने को मिला।
Follow Samachar24