विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर होटल एसोसिएशन ने लिया सुरक्षित भोजन का संकल्प
Gargachary Times
6 June 2026, 21:07
56 views
Firozabad
फिरोजाबाद। विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस की पूर्व संध्या पर फिरोजाबाद होटल एसोसिएशन द्वारा टूण्डला स्थित शिव कृपा होटल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहायक आयुक्त (खाद्य)-2 चन्दन पाण्डेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान होटल संचालकों और खाद्य कारोबारियों ने सुरक्षित एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में बताया गया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा 7 जून 2018 को विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस घोषित किया गया था, जिसका उद्देश्य लोगों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना और खाद्य जनित बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस वर्ष की थीम “समाधान की ओर” रखी गई है, जिसमें सभी तक सुरक्षित भोजन पहुंचाने पर जोर दिया गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत खाद्य सुरक्षा अधिकारी डा० अनिल यादव द्वारा की गई। उन्होंने फूड सेफ्टी के अभाव में होने वाली बीमारियों और इसके कारण लोगों की कार्यक्षमता पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद वर्मा ने होटल एसोसिएशन से फूड सेफ्टी को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि चन्दन पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि यदि होटल एसोसिएशन ठान ले तो फिरोजाबाद में खान-पान की गुणवत्ता का स्तर काफी बेहतर हो सकता है। उन्होंने कहा कि फूड सेफ्टी कल्चर को बढ़ावा देने में होटल, रेस्टोरेंट और कैटरर्स की अहम भूमिका है। उन्होंने विभाग द्वारा चलाए जा रहे हाइजीन रेटिंग, रीयूज्ड कुकिंग ऑयल नियंत्रण और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में होटल जलसा, पैराडोर होटल, शिवकृपा होटल, होटल क्लार्क सहित विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंट प्रतिनिधियों ने भाग लिया। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से डॉ. सूरज, रमेश चन्द्र, संदीप कुमार, उमेश कुमार, अरुण कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।