Loading...

ग्राम पंचायत इटौरा में लगी ‘ग्रीन चौपाल’, जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

Gargachary Times 6 June 2026, 21:07 35 views
Firozabad
ग्राम पंचायत इटौरा में लगी ‘ग्रीन चौपाल’, जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
फिरोजाबाद। ग्राम पंचायत इटौरा में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की उपस्थिति में ‘ग्रीन चौपाल’ का आयोजन किया गया। ‘जिला प्रशासन आपके द्वार’ अभियान के तहत आयोजित चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से पात्र लोगों को लाभान्वित किया गया।चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ लाभ भी वितरित किया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि गांव में 209 लोगों को पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है तथा अब तक 853 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। चौपाल के दौरान 9 नए लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए और 59 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके अलावा गांव में 720 शौचालयों का निर्माण कराया जा चुका है तथा 17 स्वयं सहायता समूह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रहे है। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत इटौरा के विकास कार्यों की सराहना करते हुए इसे ‘ग्रीन चौपाल’ और गांव को ‘ग्रीन गांव’ घोषित किया। उन्होंने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने और प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। साथ ही ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर उसकी देखभाल करने का संदेश दिया।ग्रामीणों ने चौपाल में खतौनी त्रुटि, अंश निर्धारण, चकरोड एवं तालाबों पर अवैध कब्जा तथा पेयजल समस्या से जुड़ी शिकायतें रखीं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांव में 6.7 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और जल्द ही पेयजल समस्या का समाधान हो जाएगा। जिलाधिकारी ने गांव की डिजिटल पुस्तकालय का निरीक्षण कर बच्चों से बातचीत की। बच्चों ने बताया कि पुस्तकालय बनने से उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता। चौपाल के अंत में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से कहा कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी गांव में लापरवाही करता है तो उसकी शिकायत सीधे उनसे करें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रामबदन राम, उप जिलाधिकारी सदर सतेंद्र सिंह, उपनिदेशक कृषि सत्येंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24