Loading...

आरव हत्याकांड में न्याय की मांग तेज, मानव शक्ति पार्टी ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

Gargachary Times 8 June 2026, 20:42 46 views
Firozabad
आरव हत्याकांड में न्याय की मांग तेज, मानव शक्ति पार्टी ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
फिरोजाबाद में डेढ़ वर्षीय मासूम आरव की निर्मम हत्या के मामले को लेकर मानव शक्ति पार्टी ने बड़ा आंदोलनात्मक कदम उठाया है। पार्टी के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। ज्ञापन में मांग की गई है कि आरव हत्याकांड की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित किया जाए, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द कड़ी सजा मिल सके। साथ ही मृतक की मां रति शर्मा को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई गई है। मानव शक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक यादव ने कहा कि शिकोहाबाद में हुई यह घटना पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाली है। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं प्रदेश अध्यक्ष विनीत यादव ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अब तक कोई भी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी परिवार का हालचाल जानने नहीं पहुंचा है, जिससे लोगों में नाराजगी है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
Follow Samachar24