Loading...

पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का डीएम एसएसपी ने किया निरीक्षण

Gargachary Times 8 June 2026, 20:46 28 views
Mathura
पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का डीएम एसएसपी ने किया निरीक्षण
उ०प्र०पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती- 2025 की परीक्षा को सकुशल, निर्विघ्न, नकल विहीन एवं सुचितापूर्वक सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने प्रथम पाली प्रातः 10 से 12 बजे तक में वी0डी0पी0 राजकीय इंटर कॉलेज, सेठ बी0एन0 पोद्दार इंटर कॉलेज तथा श्री गुरु कार्शनी इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने द्वितीय पाली दोपहर 3 से 5 बजे तक में किशोरी रमण गर्ल्स इंटर कॉलेज, श्री चम्पा अग्रवाल इंटर कॉलेज तथा प्रेम देवी अग्रवाल गर्ल्स इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, प्रवेश प्रक्रिया आदि का गहनता से जायजा लिया। उ०प्र०पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती- 2025 की लिखित परीक्षा जनपद के 16 परीक्षा केन्द्रों पर दिनांक 8, 9 एवं 10 जून 2026 को आयोजित की जा रही है। परीक्षा 2 पालियों में आयोजित की जा रहा है, जिसमें प्रत्येक पाली में 6240 अभ्यर्थी है। आज दिनांक 08 जून 2026 को प्रथम पाली में 4781 तथा द्वितीय पाली में 4891 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। प्रथम पाली में 1459 तथा द्वितीय पाली में 1349 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने ड्यूटी मजिस्ट्रेटों को सख्त निर्देश दिए कि सुरक्षा मानकों का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। परीक्षा हेतु 16 सेक्टर तथा 16 स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है। दोनों पालियों से पूर्व समस्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट समय उपस्थित होकर परीक्षा को सकुशल संपन्न कराएं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा अवधि में परीक्षा केन्द्रों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण/पर्यवेक्षण करे। उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील परीक्षा केन्द्रों का विशेष रूप से सघन निरीक्षण करे। यह भी सुनिश्चित करे कि संवेदनशील व अतिसंवेदनशील परीक्षा केन्द्रों पर पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था कर दी गयी है।
Follow Samachar24