Loading...

वायरल वीडियो मामले में दो पुलिसकर्मी निलंबित, एसएसपी ने बैठाई जांच

Gargachary Times 10 June 2026, 15:13 93 views
Mathura
वायरल वीडियो मामले में दो पुलिसकर्मी निलंबित, एसएसपी ने बैठाई जांच
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा। सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों द्वारा वाहनों को प्रवेश दिलाने के नाम पर पैसे लेने का एक वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई। जांच में दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें से एक मामले में पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान पता चला कि वायरल वीडियो के पहले हिस्से में दिखाई दे रहा पैसों का लेन-देन किसी वाहन को प्रवेश दिलाने के लिए नहीं था। यह एक मजदूर और ठेकेदार के बीच हुए विवाद के निपटारे से संबंधित मामला था, जिसे पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में लिखित समझौते के माध्यम से सुलझाया गया था। वहीं दूसरे वीडियो की जांच में थाना वृंदावन में तैनात हेड कांस्टेबल राजकुमार और ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल नरसिंह की भूमिका संदिग्ध पाई गई। वीडियो में कुछ व्यक्तियों द्वारा पर्स से पैसे निकालने के बाद एक बस को वहां से जाने दिया गया था। इस घटनाक्रम को गंभीर मानते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने दोनों हेड कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस प्रशासन ने बताया कि पूरे मामले की विशेष जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Follow Samachar24