Loading...

कोंच में एसीएमओ का औचक निरीक्षण, पैथोलॉजी संचालक को तीन दिन में दस्तावेज पेश करने के निर्देश

Gargachary Times 10 June 2026, 21:09 42 views
Jalaun
कोंच में एसीएमओ का औचक निरीक्षण, पैथोलॉजी संचालक को तीन दिन में दस्तावेज पेश करने के निर्देश
जालौन के कोच नगर में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बुधवार दोपहर करीब 1 बजे एसीएमओ डॉ. अरविंद भूषण ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहित कई निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, साफ-सफाई, दवा वितरण व्यवस्था और अभिलेखों की गहन जांच की। एसीएमओ ने अस्पतालों में उपचार व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण और शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुपालन की समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही सभी स्वास्थ्य संस्थान निर्धारित नियमों और मानकों का पूर्ण रूप से पालन करें। निरीक्षण के क्रम में नगर स्थित मां सिंहवाहिनी मल्टी स्पेशलिटी पैथोलॉजी का भी निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पैथोलॉजी संचालन से संबंधित आवश्यक अभिलेख और प्रपत्र मौके पर उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इस पर एसीएमओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संचालक को तीन दिन के भीतर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में उपस्थित होकर सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित चिकित्सीय प्रपत्रों के साथ डिग्री, डिप्लोमा और अन्य आवश्यक अभिलेख नियत समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराना अनिवार्य है। यदि निर्धारित अवधि में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। डॉ. अरविंद भूषण ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य संस्थानों का संचालन पूरी तरह पारदर्शी एवं नियमबद्ध होना चाहिए। मरीजों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। एसीएमओ के औचक निरीक्षण से निजी स्वास्थ्य संस्थानों में हलचल का माहौल देखने को मिला। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सीएचसी प्रभारी डॉ. अंकित एवं अनिल शाक्य भी मौजूद रहे।
Follow Samachar24