Loading...

किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल: रामगढ़ में गिरफ्तारी के दौरान पैर में लगी गोली, तमंचा बरामद

Gargachary Times 10 June 2026, 21:10 36 views
Firozabad
किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल: रामगढ़ में गिरफ्तारी के दौरान पैर में लगी गोली, तमंचा बरामद
फिरोजाबाद के रामगढ़ थाना क्षेत्र में किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी जाकिर हाफिज को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है।यह घटना 7 जून 2026 को दोपहर करीब 1 बजे की है। पीड़िता मस्जिद में लगे वाटर कूलर से पानी भरने गई थी। तभी मस्जिद में मौजूद जाकिर हाफिज ने उसे अकेला पाकर जबरन पकड़ लिया। उसने पीड़िता का मुंह दबाकर उसे अपने कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया। आरोपी ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गया। पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर रामगढ़ थाने में जाकिर हाफिज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आदित्य लांग्हे ने एसपी सिटी के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।आज, 10 जून 2026 को रामगढ़ पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि जाकिर हाफिज कहीं भागने की फिराक में है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को अपनी ओर आता देख आरोपी जाकिर हाफिज ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से जाकिर हाफिज के पैर में चोट आई।घायल आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। जाकिर हाफिज रामगढ़ थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित था। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जाकिर हाफिज पुत्र बाबू खाँ निवासी दीदामई नूरनगर, थाना रामगढ़, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार दुबे, थाना रामगढ़, फिरोजाबाद शामिल थे।
Follow Samachar24