Loading...

एनसी कैडेट्स ने दिखाया दम, 10 दिवसीय शिविर का जोश भरा समापन

Gargachary Times 11 June 2026, 20:20 32 views
Mathura
एनसी कैडेट्स ने दिखाया दम, 10 दिवसीय शिविर का जोश भरा समापन
फरह। अनुशासन, देशभक्ति और नेतृत्व का संगम। 10 यूपी बटालियन एनसीसी फरह द्वारा हिन्दुस्तान कॉलेज ऑफ साइंस एण्ड टेक्नोलॉजी में आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का बुधवार को भव्य समापन हुआ। समापन दिवस की शुरुआत जजिंग डिस्टेंस और फील्ड सिग्नल के डेमोंस्ट्रेशन से हुई। कैडेट्स ने सेक्शन फॉर्मेशन और बैटल ड्रिल का सटीक और अनुशासित प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया। ट्रेनिंग ऑफिसर के संयोजन में हुए इस अभ्यास में कैंप कमांडेंट ने कैडेट्स को जजिंग डिस्टेंस व फील्ड सिग्नल के व्यावहारिक महत्व की बारीकियां समझाईं। शिविर का आखिरी पड़ाव सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। कैडेट्स ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, एकल गायन और नाट्य प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले कैडेट्स ने बटालियन का नाम रोशन किया। खास बात ये रही कि हिन्दुस्तान कॉलेज के कैडेट्स ने शिविर के दौरान आयोजित एनसी प्रतियोगिताओं में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर कॉलेज का गौरव बढ़ाया। कॉलेज प्रबंधन निदेशक और विभागाध्यक्षों ने कैडेट्स को बधाई दी। कैंप कमांडेंट ने कहा, “कैडेट्स का अनुशासन और जोश सराहनीय है। यही राष्ट्र की असली ताकत हैं।” कैप्टन राजेश कहरवार ने कहा कि शिविर ने कैडेट्स में नेतृत्व और टीम भावना विकसित की। ले. जसवंत सिंह ने फील्ड क्राफ्ट प्रशिक्षण को युद्ध कौशल के लिए जरूरी बताया, तो ले. मनोरमा ने बालिका कैडेट्स के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। समापन समारोह में कैंप कमांडेंट, डिप्टी कमांडेंट, कैप्टन राजेश कहरवार, ले. जसवंत सिंह, ले. शैतान सिंह, ले. प्रहलाद सारस्वत, ले. शिवाजी सिंह, ले. मनोरमा, सूबेदार मेजर बलिहार सिंह सहित सभी जेसीओ, एनसीओ मौजूद रहे। कैंप कमांडेंट ने कैडेट्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर शिविर की सफलता पर आभार जताया।
Follow Samachar24