Loading...

जीएल बजाज के विद्यार्थियों ने लिया प्रकृति संरक्षण का संकल्प, 'गो ग्रीन गो क्लीन' एनवायरमेंट क्लब की सराहनीय पहल

Gargachary Times 11 June 2026, 20:23 35 views
Mathura
जीएल बजाज के विद्यार्थियों ने लिया प्रकृति संरक्षण का संकल्प, 'गो ग्रीन गो क्लीन' एनवायरमेंट क्लब की सराहनीय पहल
मथुरा। पर्यावरण हमारे जीवन का आधार है। शुद्ध हवा, स्वच्छ पानी, हरे-भरे जंगल और जैव विविधता ही पृथ्वी को रहने योग्य बनाते हैं। यदि हम आज पर्यावरण की रक्षा नहीं करेंगे, तो आने वाली पीढ़ियों को गम्भीर संकट का सामना करना पड़ सकता है। पर्यावरण संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी है लिहाजा प्रत्येक व्यक्ति को न केवल पौधरोपण करना चाहिए बल्कि उनकी रक्षा भी जरूरी है। यह बातें जीएल बजाज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, मथुरा की निदेशक प्रो. नीता अवस्थी ने पर्यारण सप्ताह के समापन अवसर पर छात्र-छात्राओं को बताईं। जीएल बजाज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, मथुरा के 'गो ग्रीन गो क्लीन' एनवायरमेंट क्लब द्वारा पर्यावरण सप्ताह का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं द्वारा संस्थान परिसर में न केवल पौधरोपण किया गया बल्कि उनकी रक्षा का संकल्प भी लिया गया। संस्थान की निदेशक प्रो. नीता अवस्थी की देखरेख तथा इंजीनियर सतेन्द्र कुमार के समन्वय में आयोजित पर्यावरण सप्ताह के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के बीच निबंध, नारा और पोस्टर प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। पर्यावरण सप्ताह के समन्वयक इंजीनियर सतेन्द्र कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं और स्टाफ के बीच पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाना तथा स्थायी जीवन शैली को बढ़ावा देना था। संस्थान की निदेशक प्रो. नीता अवस्थी ने पौधरोपण कर पर्यावरण सप्ताह का शुभारम्भ किया, इसके बाद संस्थान के छात्र-छात्राओं ने पूरे परिसर में पौधे लगाए तथा पर्यावरण को हरा-भरा व स्वच्छ बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। संस्थान के चेयरमैन डॉ. रामकिशोर अग्रवाल तथा वाइस चेयरमैन पंकज अग्रवाल ने आयोजन की प्रशंसा की। चेयरमैन डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि आज के दौर में प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग, जल संकट और वनों की कटाई जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। इन चुनौतियों का सामना करने के लिए केवल सरकारी प्रयास ही पर्याप्त नहीं हैं बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी भी जरूरी है। वाइस चेयरमैन पंकज अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को पर्यावरण-अनुकूल आदतें अपनाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों को बचाने में सक्रिय योगदान देने को प्रेरित किया। इस अवसर पर संस्थान के प्राध्यापकों प्रो. (डॉ.) वी.के. सिंह (विभागाध्यक्ष), डॉ. नवनीत पांडेय, इंजीनियर सतेन्द्र कुमार, डॉ. उदयवीर सिंह और डॉ. वजीर सिंह आदि ने एनवायरमेंट क्लब के प्रयासों की सराहना की तथा छात्र-छात्राओं को आगे भी ऐसी सार्थक पहलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा प्रकृति की रक्षा करने, प्रदूषण को कम करने, स्वच्छ, हरित तथा अधिक टिकाऊ पर्यावरण के लिए मिलकर काम करने के संकल्प के साथ हुआ। एनवायरमेंट क्लब का यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बेहद सफल और प्रेरणादायक कदम साबित हुआ।
Follow Samachar24