कालपी के पीला घाट पर बाढ़ आपदा को लेकर राज्य स्तरीय मॉकड्रिल संपन्न
Gargachary Times
11 June 2026, 20:25
69 views
Jalaun
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (भारत सरकार) एवं उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में जनपद जालौन की कालपी तहसील स्थित पीला घाट पर बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए राज्य स्तरीय मॉकड्रिल का सफल आयोजन किया गया।
मॉकड्रिल के दौरान राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और पीएसी की फ्लड बटालियन ने संयुक्त रूप से नाव पलटने एवं लोगों के डूबने की काल्पनिक घटना का प्रदर्शन किया। इस अभ्यास में होमगार्ड एवं क्षेत्रीय आपदा मित्रों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
अभ्यास के तहत नदी में यात्रियों से भरी नाव के असंतुलित होकर पलटने की स्थिति बनाई गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग और राजस्व विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू टीमों ने मोटरबोट और लाइफ सेविंग उपकरणों की मदद से पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को प्राथमिक उपचार देकर एम्बुलेंस के माध्यम से चिकित्सा केंद्र भेजा गया।
मॉकड्रिल में कंट्रोल रूम समन्वय, खोज एवं बचाव अभियान, भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा सहायता और राहत कार्यों की प्रक्रियाओं का सफल परीक्षण किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) राजीव राज ने मॉकड्रिल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नियमित अभ्यास आपदा के समय त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से बाढ़ एवं जलाशय क्षेत्रों में सुरक्षा निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी कालपी अमित शेखर, जिला आपदा विशेषज्ञ अचल श्रीवास्तव, डिप्टी कमांडेंट सीआईएसएफ, चिकित्सा अधीक्षक, फायर सेफ्टी ऑफिसर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।