Loading...

नियमों की अनदेखी पर 6 होटल और गेस्ट हाउस बंद करने के आदेश, व्यवसायियों में हड़कंप

Gargachary Times 11 June 2026, 20:26 50 views
Mathura
नियमों की अनदेखी पर 6 होटल और गेस्ट हाउस बंद करने के आदेश, व्यवसायियों में हड़कंप
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा। जिला प्रशासन, अग्निशमन विभाग और पर्यटन विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में होटल एवं गेस्ट हाउसों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा मानकों और वैधानिक नियमों की अनदेखी पाए जाने पर 6 होटल एवं गेस्ट हाउसों को बंद करने के निर्देश जारी किए गए, जिससे होटल व्यवसायियों में हड़कंप मच गया। नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्र, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार सिंह तथा पर्यटन विभाग की टीम ने धौलीप्याऊ, मयूर विहार और मालगोदाम रोड क्षेत्र में स्थित कुल 33 होटल और गेस्ट हाउसों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संस्थानों के दस्तावेजों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई। अभियान के तहत सराय एक्ट के अंतर्गत पंजीकरण, अग्निशमन विभाग की एनओसी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति, स्वीकृत भवन मानचित्र, आगंतुक रजिस्टर में पहचान पत्र सहित प्रविष्टियां, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता तथा विद्युत सुरक्षा मानकों की जांच की गई। जांच के दौरान कई संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। सुरक्षा मानकों का पालन न करने और आवश्यक अनुमतियों के अभाव में 6 होटल एवं गेस्ट हाउस पूरी तरह मानक विहीन पाए गए। इसके चलते प्रशासन ने उन्हें बंद करने के निर्देश जारी कर दिए। नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्र ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी होटल या गेस्ट हाउस को नियमों की अनदेखी कर संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध एवं असुरक्षित रूप से संचालित संस्थानों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों में खलबली मची हुई है और कई संस्थान अपने दस्तावेज एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटे है।
Follow Samachar24