Loading...

वृंदावन में जाम से मुक्ति के लिए जनजागरूकता अभियान की शुरुआत, प्रशासन और जनता मिलकर सुधारेंगे यातायात

Gargachary Times 11 June 2026, 20:27 42 views
Mathura
वृंदावन में जाम से मुक्ति के लिए जनजागरूकता अभियान की शुरुआत, प्रशासन और जनता मिलकर सुधारेंगे यातायात
​वृंदावन। पुनीत शुक्ला धार्मिक नगरी वृंदावन को लंबे समय से परेशान कर रही जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए अब जनसहयोग का सहारा लिया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को वृंदावन सिविल सोसाइटी के तत्वावधान में "आवाज उठाओ, जाम हटाओ" नामक एक विशेष जनजागरूकता अभियान का शंखनाद किया गया। नगर निगम चुंगी चौराहे से इस अभियान की विधिवत शुरुआत की गई, जहाँ अतिथियों ने एक जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन पूरे नगर के विभिन्न क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले चौराहों पर घूम-घूमकर स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं को यातायात नियमों का पालन करने तथा व्यवस्था सुधारने में सहयोग करने के लिए प्रेरित करेगा। ​अभियान के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा ने साफ तौर पर कहा कि वृंदावन की वैश्विक प्रसिद्धि के कारण यहाँ रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं, जिससे यातायात को सुचारू रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जाम जैसी गंभीर समस्या का हल केवल प्रशासनिक डंडे या कार्रवाई से संभव नहीं है। जब तक आम नागरिक, व्यापारी, वाहन चालक और बाहर से आने वाले श्रद्धालु खुद जागरूक होकर सहयोग नहीं करेंगे, तब तक स्थाई समाधान नहीं मिल सकता। उन्होंने सभी से अपील की कि लोग सड़कों पर अतिक्रमण न करें और जिम्मेदारी का परिचय दें। ​वहीं, नगर निगम के उपसभापति मुकेश सारस्वत ने कहा कि बढ़ती भीड़ और अनियोजित यातायात के कारण वृंदावन की आध्यात्मिक छवि प्रभावित हो रही है। नगर निगम और प्रशासन इस दिशा में लगातार काम कर रहे हैं, लेकिन नागरिकों को भी यह समझना होगा कि सड़कें सार्वजनिक संपत्ति हैं, उन पर अवैध कब्जा या गलत तरीके से वाहन पार्क करना दूसरों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी करता है। व्यापारी नेता धनेंद्र अग्रवाल बॉबी और पवन ठाकुर ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि जाम का सबसे बुरा असर स्थानीय व्यापार और लोगों के समय पर पड़ता है। उन्होंने व्यापारिक संगठनों की ओर से प्रशासन को पूरा सहयोग देने और दुकानदारों को जागरूक करने का भरोसा दिलाया। ​वृंदावन सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह राणा ने अभियान की रूपरेखा बताते हुए कहा कि इस प्रयास का मुख्य उद्देश्य लोगों के भीतर यह भावना जगाना है कि जाम मुक्त वृंदावन बनाने में हर एक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। वाहन के माध्यम से लोगों से निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने और सड़कों को साफ रखने का अनुरोध किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने मिलकर नगर को जाम मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर अभय वशिष्ठ, विवेक आचार्य, अतुल श्रीवास्तव, डॉ. ब्यास, विजय रिणवा, दीपक पाराशर, विष्णु शर्मा, रवि यादव, अमित शर्मा, सोहन सिंह सिसोदिया, वैभव अग्रवाल, रामबाबू दास, विनोद बनर्जी, गोविंद शर्मा, अजय अग्रवाल, बंटी पंडित, शाहिद कुरेशी, हरीश गुप्ता, हाशिम खान, मुकेश सैनी, विकास ठाकुर और भरत अग्रवाल सहित सिविल सोसाइटी के अनेक सदस्य और प्रबुद्ध जन मौजूद रहे।
Follow Samachar24