Loading...

पुलिस मुठभेड़ में 15 हजार का इनामी अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार, लाखों के जेवर बरामद

Gargachary Times 11 June 2026, 21:06 62 views
Firozabad
पुलिस मुठभेड़ में 15 हजार का इनामी अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार, लाखों के जेवर बरामद
थाना दक्षिण पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 15 हजार रुपये के इनामी अंतरराज्यीय चोर आदिल उर्फ कादिर को गिरफ्तार किया है। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के लाखों रुपये मूल्य के स्वर्ण आभूषण, अवैध तमंचा और चोरी में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन बरामद किया है।अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दक्षिण पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना दक्षिण में दर्ज चोरी के मुकदमे में वांछित इनामी आरोपी आदिल उर्फ कादिर चोरी का माल बेचने के उद्देश्य से लालऊ क्षेत्र में अपने एक साथी के साथ आने वाला है। सूचना पर थाना दक्षिण पुलिस टीम ने लालऊ से बिहारीपुर रोड के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसकी पहचान आदिल उर्फ कादिर पुत्र मजहर अली निवासी कटरा पठानान थाना दक्षिण फिरोजाबाद के रूप में हुई।पुलिस के अनुसार आरोपी का साथी मुस्ताक अली पुत्र बाबू अली निवासी गोपी कॉलोनी थाना करहल जनपद मैनपुरी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक सोने का हार, मोटी गिन्नी वाली सोने की जंजीर, दो सोने की अंगूठियां, दो सोने के टॉप्स, एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त बिना नंबर का छोटा हाथी वाहन बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी आदिल उर्फ कादिर के खिलाफ फिरोजाबाद, आगरा, गाजियाबाद, संभल सहित विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट, जानलेवा हमला, अवैध असलहा और अन्य गंभीर धाराओं में करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र पाल सिंह, निरीक्षक मुकेश कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अर्जुन राठी, सोनू भाटी सहित थाना दक्षिण और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Follow Samachar24