Loading...

पुलिस मुठभेड़ में दो अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरफ्तार, पांच चोरी की बाइक बरामद

Gargachary Times 11 June 2026, 21:06 45 views
Firozabad
पुलिस मुठभेड़ में दो अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरफ्तार, पांच चोरी की बाइक बरामद
थाना टूंडला पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो अंतरजनपदीय शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना टूंडला पुलिस को सूचना मिली थी कि वाहन चोरी के मामलों में वांछित बदमाश पुराना बाईपास रोड स्थित राजा का ताल क्षेत्र में चोरी की बाइक बेचने की फिराक में मौजूद हैं।सूचना पर थाना टूंडला पुलिस टीम ने गेल गैस के पीछे झाड़ियों के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।घायल आरोपी की पहचान विकास पुत्र मुरलीधर निवासी हुमायूंपुर थाना दक्षिण फिरोजाबाद के रूप में हुई, जबकि दूसरे आरोपी योगेश पुत्र नरेश चंद्र निवासी सीएल जैन के पीछे, हुमायूंपुर थाना दक्षिण फिरोजाबाद को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से थाना टूंडला क्षेत्र से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें, थाना मटसेना क्षेत्र से चोरी की गई एक बाइक तथा आगरा जनपद के थाना एत्मादपुर और एत्माद्दौला क्षेत्र से चोरी की गई एक-एक मोटरसाइकिल सहित कुल पांच चोरी की बाइक बरामद हुई हैं। इसके अलावा दो तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस भी बरामद किए गए पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ फिरोजाबाद और आगरा के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह, उपनिरीक्षक शैलेंद्र शर्मा, हर्षित कुमार, प्रशांत कुमार, अभय कुमार सहित थाना टूंडला पुलिस टीम शामिल रही।
Follow Samachar24