Loading...

फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़, दो शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, एक घायल

Gargachary Times 12 June 2026, 19:16 1 views
Firozabad
फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़, दो शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, एक घायल
फिरोजाबाद। थाना उत्तर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा रेंज के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के पर्यवेक्षण में जनपद में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना उत्तर पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना उत्तर में दर्ज मोबाइल छिनैती के मामले में वांछित आरोपी बच्चू बाबा स्कूल के पीछे जलेसर रोड स्थित शनिदेव मंदिर के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी भागने लगे। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में रघु उर्फ राघव पुत्र मलखान निवासी नगला विष्णु थाना लाइनपार के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी राजा पुत्र राकेश निवासी नगला विष्णु को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, तीन छीने गए मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक दोनों अभियुक्तों पर चोरी, छिनैती और रेलवे एक्ट सहित कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। कार्रवाई में थाना उत्तर प्रभारी निरीक्षक अंजीश कुमार सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Follow Samachar24