Loading...

स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने वाले दो बाल अपचारी हिरासत में

Gargachary Times 12 June 2026, 19:16 3 views
Firozabad
स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने वाले दो बाल अपचारी हिरासत में
फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर पुलिस ने स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन पर पत्थर फेंककर यात्रियों की जान जोखिम में डालने की घटना का खुलासा करते हुए दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार 11 जून 2026 को ट्रेन संख्या 12003 स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस जब पेमेश्वर गेट के पास खंभा संख्या 1230/05 के निकट से गुजर रही थी, तभी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ट्रेन पर पत्थर फेंका गया था। पत्थर लगने से ट्रेन की खिड़की का शीशा टूट गया और यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई। घटना के संबंध में थाना रसूलपुर में रेलवे एक्ट की धारा 152 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में पुलिस की 10 टीमों का गठन किया गया। टीमों ने आसपास लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि रेलवे ट्रैक के आसपास कूड़ा बीन रहे तीन बाल अपचारियों ने पत्थर उठाकर ट्रेन पर फेंका था। पुलिस ने पतारसी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो बाल अपचारियों को आसफाबाद फाटक के पास से हिरासत में लिया। तीसरे बाल अपचारी की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि दोनों बाल अपचारियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई में थाना रसूलपुर, दक्षिण थाना, सर्विलांस सेल, एसओजी और जीआरपी की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि रेलवे एवं यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Follow Samachar24