Loading...

वृन्दावन में ई-रिक्शा का आतंक, कब जागेगा प्रशासन?

Gargachary Times 13 June 2026, 17:51 99 views
Mathura
वृन्दावन में ई-रिक्शा का आतंक, कब जागेगा प्रशासन?
वृन्दावन। धर्मनगरी वृन्दावन के प्रमुख बाजारों और मंदिर मार्गों पर बढ़ती यातायात अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन द्वारा ई-रिक्शाओं के प्रवेश पर रोक लगाने हेतु विभिन्न स्थानों पर लोहे के पाइप लगाए गए हैं। इसके बावजूद कई ई-रिक्शा चालक नियमों को दरकिनार कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं को चुनौती देते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला प्रताप बाजार का है, जहां ई-रिक्शाओं के प्रवेश को रोकने के लिए लगाए गए पाइपों को कुछ चालक स्वयं हटाकर जबरन बाजार में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे हैं। इससे बाजार में भीड़भाड़ बढ़ने के साथ-साथ पैदल श्रद्धालुओं, ग्राहकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब एक ई-रिक्शा चालक को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने से रोका गया तो वह भड़क उठा और व्यापारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। आरोप है कि चालक ने धमकी भरे लहजे में कहा, "तुम जानते नहीं हो मैं कौन हूं और ये रिक्शा किसका है, तुम कुछ नहीं कर पाओगे।" इस घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। व्यापारियों का आरोप है कि कुछ ई-रिक्शा चालक दबंगई के बल पर नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, जिससे बाजार की व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने प्रशासन एवं पुलिस से मांग की है कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में ई-रिक्शाओं के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाई जाए तथा नियम तोड़ने और व्यापारियों को धमकाने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर वृन्दावन के मुख्य बाजारों और मंदिर मार्गों पर ई-रिक्शा चालकों की मनमानी पर प्रशासन कब अंकुश लगाएगा और श्रद्धालुओं व व्यापारियों को इस समस्या से कब राहत मिलेगी?
Follow Samachar24