केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रभारी मंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां
Gargachary Times
13 June 2026, 21:09
45 views
Firozabad
फिरोजाबाद। केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान की दिशा में पूर्ण होने के अवसर पर जनपद भ्रमण पर पहुंचे प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने मीडिया से संवाद करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने प्रशासनिक सुधार, आधारभूत संरचना निर्माण, डिजिटल क्रांति, सामाजिक कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए विश्व पटल पर नई पहचान स्थापित की है।मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ कार्य करते हुए अनेक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि अंत्योदय को मूल मंत्र मानकर सरकार ने नीतिगत पंगुता से बाहर निकलते हुए सुधार, परिवर्तन और बेहतर प्रदर्शन का नया अध्याय लिखा है।इसके बाद प्रभारी मंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान सदर विधायक मनीष असीजा, टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर, मेयर कामिनी राठौर, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह तथा महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम के उपरांत मंत्री ने विकास भवन परिसर में लगे विभिन्न विभागों के स्टॉल एवं सूचना विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विभाग अपनी योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच सके।