Loading...

केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और सम्मान को बताया ऐतिहासिक यात्रा : प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायणचौधरी

Gargachary Times 13 June 2026, 21:10 57 views
Firozabad
केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और सम्मान को बताया ऐतिहासिक यात्रा : प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायणचौधरी
फिरोजाबाद। प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने जनपद भ्रमण के दौरान केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मीडिया से संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष अखंड भारत के विकास, प्रशासनिक सुधार, आधारभूत संरचना निर्माण, डिजिटल क्रांति, सामाजिक कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा में वृद्धि के लिए ऐतिहासिक रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस स्वर्णिम काल में भारत ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए विश्व मंच पर अपनी अलग पहचान स्थापित की है। केंद्र सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ अनेक ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक उपलब्धियां हासिल की हैं, जो बदलते भारत की नई तस्वीर प्रस्तुत करती हैं। मंत्री ने कहा कि अंत्योदय को मूल मंत्र मानते हुए देश ने नीतिगत पंगुता से निकलकर सुधार, परिवर्तन और बेहतर प्रदर्शन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर सदर विधायक मनीष असीजा, टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर, मेयर कामिनी राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह तथा महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर ने भी पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। तत्पश्चात मंत्री ने विकास भवन परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल एवं सूचना विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए, ताकि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
Follow Samachar24