Loading...

भूमि संम्बन्धी विवादों को मौके पर जाकर किया जाये निस्तारित

Gargachary Times 13 June 2026, 21:13 49 views
Mainpuri
भूमि संम्बन्धी विवादों को मौके पर जाकर किया जाये निस्तारित
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा के साथ थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना बिछवां में फरियादियों की शिकायतें सुनने के दौरान कहा कि जनपद में अधिकांश शिकायतें सार्वजनिक, निजी भूमि पर अवैध कब्जों की प्राप्त हो रही है, राजस्व, पुलिस विभाग अधिकारी, कर्मचारी आपस में समन्वय स्थापित कर सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जा करने वालों के विरूद्व प्रभावी कार्यवाही करें, भविष्य में कहीं भी सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जे की शिकायतें प्राप्त हुई तो संबंधित का उत्तरदायित्व निर्धारित कर कार्यवाही की जायेेगी। उन्होने कहा कि थाना समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों पर थाने से ही राजस्व, पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी जाय और यथासम्भव उसी दिन समस्या का निदान किया जाये ताकि फरियादी को तत्काल राहत मिले, और आमजन के बीच संदेश पहुंचे कि शासन-प्रशासन उनकी शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण के प्रति संवेदनशील है। थाना बिछवां में जन-शिकायतें सुनने के दौरान जिलाधिकारी के सम्मुख जब मिढ़ौली नि. लाखन सिंह ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से गाटा संख्या-09, 131 की लेखपाल द्वारा पैमाइश की गयी लेकिन गांव के दबंग लोग खेत पर कब्जा नहीं छोड़ रहे, शिकायतकर्ता ने उक्त गाटाओं की पैमाइश कराकर कब्जा दिलाने की मांग की, जिस पर उन्होने तहसीलदार भोगांव, उप निरीक्षक देवेन्द्र कुमार, लेखपाल अंकित की संयुक्त टीम गठित कर मौके से ही समस्या का निदान हेतु भेजा, अड़ूपुर नि. अवधेश कुमार ने गाटा संख्या-383 का मौके पर रकवा कम होने, पड़ौसियों द्वारा मेड़ तोड़कर कब्जा करने की शिकायत करते हुए मॉग की कि उसकी गाटा संख्या-383 की पैमाइश कराकर पूरे रकवे पर दखल दिलाया जाये, जिस पर उन्होने थानाध्यक्ष औंछा को आदेशित करते हुए कहा कि आज ही समस्या का निदान करायें, सभी पक्षों की मौजूदगी में राजस्व टीम के साथ पैमाइश कराकर शिकायतकर्ता को कब्जा दिलाया जाये। श्री त्रिपाठी ने कहा कि थाना समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों पर टीम गठित कर थाने की जीडी में अंकित कर मौके पर रवाना किया जाये और स्थल पर कार्यवाही के दौरान दोनों पक्षों के साथ कम से कम 02 संभ्रांत व्यक्तियों के भी हस्ताक्षर कराये जायें, वापस आने पर थाने की जीडी में मौके पर की गयी कार्यवाही का विवरण अंकित किया जाये।
Follow Samachar24