सीआरपीएफ 16वीं वाहिनी मथुरा में रक्तदान शिविर आयोजित, जवानों और परिजनों ने किया उत्साहपूर्वक रक्तदान
Gargachary Times
14 June 2026, 18:15
58 views
Mathura
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 16वीं वाहिनी, मथुरा द्वारा रविवार को गणेशरा स्थित कैंप परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कमांडेंट नितिन कुमार के मार्गदर्शन में यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, आगरा के सहयोग से आयोजित किया गया।
शिविर का शुभारंभ प्रातः 9 बजे हुआ, जिसमें जवानों एवं उनके परिजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रक्तदान के साथ-साथ प्रतिभागियों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकीय टीम द्वारा रक्तचाप परीक्षण, रैंडम ब्लड शुगर जांच, ईसीजी परीक्षण तथा चिकित्सीय परामर्श के अनुसार दवा वितरण की सुविधा प्रदान की गई।
यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, आगरा की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने निर्धारित मानकों के अनुरूप रक्तदान प्रक्रिया को संपन्न कराया। शिविर का मुख्य उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देना तथा बल कर्मियों एवं उनके परिवारजनों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जवानों और उनके परिजनों ने रक्तदान कर मानवता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। कार्यक्रम के माध्यम से सीआरपीएफ ने यह संदेश भी दिया कि देश की सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी बल की महत्वपूर्ण भूमिका है।
शिविर में द्वितीय कमान अधिकारी जयप्रकाश सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी राजेश्वर सिंह यादव, उप कमांडेंट रोहित त्रिपाठी, सहायक कमांडेंट लोकेश चौधरी, राकेश कुमार एवं अनन्त हंस सहित अन्य अधिकारी, जवान और उनके परिजन मौजूद रहे।