Loading...

भाजपा सरकार ने आगरा में यूपी के सबसे पुराने मेडिकल कॉलेज की हालत खराब कर दी: अखिलेश यादव

Gargachary Times 14 June 2026, 18:16 58 views
Agra
भाजपा सरकार ने आगरा में यूपी के सबसे पुराने मेडिकल कॉलेज की हालत खराब कर दी: अखिलेश यादव
आगरा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने देश में नकारात्मक राजनीति करने की शुरूआत की। भाजपा ने विरोधी दलों के नेताओं की छवि खराब करने के लिए हजारों करोड़ रूपये खर्च किए। मीडिया भी अगर ईमानदारी से खबर चला देती है तो उस पर भाजपा सरकार ने एफआईआर करा दिया। झूठे मुकदमें में फंसा दिया। रविवार को आगरा में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने आगरा में यूपी के सबसे पुराने मेडिकल कॉलेज की हालत खराब कर दी। भाजपा ने प्रदेश के साथ ही आगरा की शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया। आगरा में दस साल में 500 प्राइमरी स्कूल बंद कर दिया। 2017 में आगरा में 2090 प्राइमरी स्कूल थे, आज 1633 प्राइमरी बचे हैं। आगरा में 2017 में 14 एलोपैथिक स्वास्थ्य केन्द्र थे। आज सिर्फ चार चल रहे है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र 25 थे अब 18 रह गये। भाजपा सरकार ने 7 बंद कर दिये हैं। यह सरकार निजी अस्पतालों को बढ़ावा दे रही है। सरकारी संस्थाओं को बंद कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था खराब हो चुकी है। एनसीआरबी के आंकड़े देखे तो दलितों के साथ अत्याचार, अन्याय, उत्पीड़न की घटनाएं बहुत बढ़ गयी है। महिला उत्पीड़न और अपराध में उत्तर प्रदेश देश में नम्बर एक हो गया है। भाजपा का बुल्डोजर पीडीए के लोगों पर सबसे ज्यादा चला। पीडीए के लोगों का फर्जी एनकाउण्टर हुआ है। भाजपा जनता से झूठे वादे करती है। जनता से किए वादे पूरे नहीं किए। अखिलेश यादव ने कहा कि 2017 से पहले मुख्यमंत्री योगी की कोई पहचान नहीं थी। आगरा ऐतिहासिक शहर है। आगरा की पहचान पूरी दुनिया में है। 2017 से पहले आगरा के लोग मुख्यमंत्री योगी को नहीं जानते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भर्ती परीक्षाएं लीक हो जाती है। नौजवानों के लिए नौकरी, रोजगार नहीं है। पेपर लीक कराने का भाजपा का पुराना इतिहास रहा है। लोग पेपर लीक कराकर अपने गैंग के बच्चों का एडमिशन कराते हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने डायल 100 सेवा शुरू की। पुलिस को जो गाड़ियां दी गयी थी उसे इन्होंने छीन लिया। इस सरकार में जमीन खाली कराने के लिए झोपड़ियों में आग लगा दी जाती है। लखनऊ, गाजियाबाद में कई जगहों पर ऐसा हुआ। पश्चिम बंगाल में ईवीएम रखी बिल्डिंग में आग लगने का मतलब है, कोई राज था, जिसे भाजपा बाहर नहीं आने देना चाहती है। पश्चिम बंगाल में ममता दीदी हारी नहीं है, उन्हें पुलिस फोर्स लगाकर हराया गया। अखिलेश यादव ने कहा कि जनता जानती है कि भाजपा ने बंगाल और बिहार विधानसभा चुनाव बेईमानी से जीता है। डीजल, पेट्रोल, महंगा मिल रहा है। खाद का संकट है। पेपर लीक हो रहे है। जो विश्व गुरू बन रहे थे वे पेपर लीक नहीं रोक पा रहे है। उन्होंने कहा कि भाजपा पंचायत चुनाव समय पर नहीं करा पायी। जो प्रधान का चुनाव नहीं करा पाये वे क्या नवम्बर-दिसम्बर में चुनाव करा पायेंगे। भाजपा केवल उलझाने के लिए शिगूफा छोड़ती है। भाजपा समाजवादियों की रणनीति जानने के लिए इसी तरह की अफवाह उड़ाती है। समाजवादी पार्टी और प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से हटाने को तैयार है। उत्तर प्रदेश के विकास का रास्ता समाजवादी ही निकालेंगे। पीडीए की रणनीति से समाजवादी पार्टी भाजपा का मुकाबला करेगी और हरायेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन चुनाव लड़ेगा। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस सब सीटों पर तैयारी कर रही है। डबल तैयारी से इंडिया गठबंधन भाजपा को हरा देगा। भाजपा इससे घबराई हुई है। भाजपा के पास महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का कोई जवाब नहीं है। किसान बर्बाद हो गया। आलू किसान, पेठा कारोबारी बर्बाद हो गया। उन्होंने कहा कि भाजपा असंवैधानिक, अलोकतांत्रिक कार्य करती है। भाजपा नेताओं की भाषा असंसदीय होती है।
Follow Samachar24