महिला सशक्तिकरण से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा उत्तर प्रदेश: केशव प्रसाद मौर्य
Gargachary Times
14 June 2026, 18:18
98 views
Lucknow
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को मुरादाबाद में आयोजित जनकल्याण शिविर के उद्घाटन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने विकास खण्ड मुरादाबाद के अंतर्गत सभागार के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण भी किया।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री मौर्य ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार वितरित किया तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आवास की चाबी प्रदान की। उन्होंने नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के समर्पित वर्ष रहे हैं। इन वर्षों में देश ने विकास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प के साथ देश निरंतर आगे बढ़ रहा है।
मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। प्रदेश में स्वयं सहायता समूहों से तीन करोड़ दीदियों को जोड़ने तथा एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। बीते 12 वर्षों में सड़क, रेल, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा और उद्योग के क्षेत्र में देश ने तेजी से प्रगति की है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीबों को पक्के घर, उज्ज्वला योजना से महिलाओं को स्वच्छ ईंधन, हर घर जल योजना से ग्रामीण परिवारों को पेयजल तथा आयुष्मान भारत योजना से करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों के खाते खुले हैं, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंच रहा है।
मौर्य ने कहा कि किसानों के हितों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज मजबूत और सुरक्षित राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों ने दुनिया को भारत की सुरक्षा क्षमता और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय कराया है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधान सेवक के रूप में अपना प्रत्येक क्षण देशवासियों की सेवा के लिए समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल जी, महापौर विनोद अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह 'व्यस्त', राम गोपाल उर्फ गोपाल 'अंजान', मा. विधायक रितेश कुमार गुप्ता, रामवीर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, पार्टी पदाधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मुरादाबाद में जनकल्याण शिविर के उद्घाटन कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर संबोधित किया तथा विकास खण्ड मुरादाबाद के अन्तर्गत सभागार के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को 'पौष्टिक आहार' व लाभार्थियों को आवास की चाबी आदि वितरित किया तथा नन्हें बच्चों को अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया।