Loading...

धनगर समाज ने महापंचायत में उठाई जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग

Gargachary Times 14 June 2026, 21:19 58 views
Firozabad
धनगर समाज ने महापंचायत में उठाई जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग
टूंडला। धनगर महासभा उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में गांव जाजपुर, बरीसानी, हजरतपुर, नगला तुलसी और हिम्मतपुर सहित कई गांवों में धनगर जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाने की मांग को लेकर महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में समाज के युवा, महिलाएं और प्रबुद्ध वर्ग के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।महापंचायत को संबोधित करते हुए धनगर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष भंवर सिंह धनगर एडवोकेट ने कहा कि धनगर जाति पूरे देश और प्रदेश में बड़ी संख्या में निवास करती है तथा संविधान में अनुसूचित जाति की क्रम संख्या 27 में सूचीबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 24 जनवरी 2019 को जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को धनगर जाति प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तहसील स्तर पर अब तक शासनादेश का पालन नहीं किया जा रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा लंबे समय से धनगर समाज की मांगों की अनदेखी की जा रही है। अब समाज अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करेगा और तहसीलदार व जिलाधिकारी से प्रमाण पत्र जारी करने की मांग करेगा।महापंचायत में यह भी निर्णय लिया गया कि विधानसभा चुनाव के दौरान गांवों में आने वाले किसी भी राजनीतिक दल के प्रत्याशी से धनगर समाज जाति प्रमाण पत्र के मुद्दे पर जवाब मांगेगा। वक्ताओं ने कहा कि जब सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की बात कर रही है, तो धनगर समाज को उसके अधिकारों से वंचित क्यों रखा जा रहा है। महापंचायत में समाज के लोगों ने एकमत होकर संकल्प लिया कि यदि चुनाव से पूर्व धनगर जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किए गए तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा तथा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा। कार्यक्रम में भोले शंकर धनगर, ममता धनगर, राजपाल सिंह धनगर, महावीर सिंह धनगर, रूपेंद्र धनगर, शिवानी धनगर, उपासना धनगर, अनुष्का धनगर, मानवी धनगर, रिया धनगर, लवी धनगर, निलेश धनगर, गीता देवी धनगर, राखी धनगर, कपिल धनगर, बच्चू सिंह धनगर, जयप्रकाश धनगर, दुर्गेश धनगर सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
Follow Samachar24