फिरोजाबाद पुलिस का विशेष अभियान, ड्रिंक एंड ड्राइव में 6 वाहन चालक पकड़े गए
Gargachary Times
14 June 2026, 21:20
49 views
Firozabad
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद में दो दिवसीय विशेष अभियान के तहत यातायात पुलिस एवं स्थानीय पुलिस टीम द्वारा ड्रिंक एंड ड्राइव तथा मॉडिफाइड साइलेंसर के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के आदेशों के अनुपालन में चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत 13 जून 2026 को शाम 8 बजे से रात 11 बजे तक टोल प्लाजा टूण्डला एवं गुराऊ पर विशेष चेकिंग की गई। अभियान में यातायात पुलिस और स्थानीय सिविल पुलिस की संयुक्त टीमों ने वाहनों की जांच की।चेकिंग के दौरान ब्रेथ एनालाइजर मशीन की सहायता से वाहन चालकों की शराब पीकर वाहन चलाने संबंधी जांच की गई। इस दौरान दोनों टोल प्लाजाओं पर करीब 120 वाहनों की जांच की गई, जिनमें 6 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई की गई।इसके अलावा मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध भी मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई।फिरोजाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं तथा अनावश्यक ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न करें।