डीएम संतोष कुमार शर्मा ने शिकोहाबाद की अस्थाई गौशाला का किया औचक निरीक्षण
Gargachary Times
14 June 2026, 21:22
75 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को शिकोहाबाद स्थित आदर्श अस्थाई गौशाला का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में मौजूद गोवंशों की देखभाल, चारे, पानी तथा स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के समय गौशाला में कुल 46 गोवंश पाए गए, जिनमें 12 नंदी शामिल थे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जो भी गोवंश बीमार हैं, उन्हें तत्काल अन्य पशुओं से अलग रखकर उनकी विशेष चिकित्सकीय देखभाल सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक गौशाला को मानवीय दृष्टिकोण के साथ विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने गोबर एवं अन्य अपशिष्टों के उपयोग से जैविक खाद और वर्मीकंपोस्ट तैयार करने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए, जिससे गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गौशालाओं में आमजन की भागीदारी बढ़ाई जाए, ताकि गायों के प्रति लोगों का भावनात्मक जुड़ाव मजबूत हो और जन-सहयोग को बढ़ावा मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि गायें हमारे गौरव, संस्कृति और स्वाभिमान का प्रतीक हैं, इसलिए उनके संरक्षण और देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने गौशाला में हरे चारे, स्वच्छ पेयजल, छाया तथा चिकित्सकीय सुविधाओं की समुचित व्यवस्था हर समय बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक गौशाला को आदर्श एवं संवेदनशील केंद्र के रूप में विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।