जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने किया परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण, शुचितापूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के दिए कड़े निर्देश
Gargachary Times
14 June 2026, 21:22
51 views
Firozabad
जनपद में आज आयोजित हो रही प्रवक्ता भर्ती परीक्षा (प्रारंभिक परीक्षा) - 2025 को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकल विहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा द्वारा परीक्षा केंद्रों का सघन औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने अपनी टीम के साथ शिकोहाबाद क्षेत्र के प्रमुख परीक्षा केंद्रों- नारायण डिग्री कॉलेज तथा पाली इंटर कॉलेज का दौरा किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में जाकर सीटिंग प्लान, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, प्रकाश व वेंटिलेशन की व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों का बारीक मुआयना किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों और तैनात पुलिस बल को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सचेत किया कि यदि किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही पाई गई, तो संबंधित के खिलाफ तत्काल कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल में संपन्न कराना है।