Loading...

वामा सारथी समर कैम्प का उत्साहपूर्ण समापन, बच्चों को दिए गए प्रशस्ति पत्र

Gargachary Times 14 June 2026, 21:25 80 views
Firozabad
वामा सारथी समर कैम्प का उत्साहपूर्ण समापन, बच्चों को दिए गए प्रशस्ति पत्र
फिरोजाबाद। वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में पुलिस लाइन फिरोजाबाद में आयोजित समर कैम्प का शनिवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हो गया। यह समर कैम्प 22 मई 2026 से 14 जून 2026 तक बहुउद्देशीय हॉल, पुलिस लाइन में आयोजित किया गया था। समर कैम्प का आयोजन वामा सारथी अध्यक्षा श्रीमती प्रतिभा सिंह (आईएएस), धर्मपत्नी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में किया गया। कैम्प का उद्देश्य पुलिस परिवार के बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना और उनकी प्रतिभाओं को निखारने के लिए सकारात्मक मंच उपलब्ध कराना था।कैम्प के दौरान बच्चों को पेंटिंग, सेल्फ डिफेंस, डांसिंग, फुटबॉल और क्रिकेट जैसी विभिन्न रचनात्मक एवं खेलकूद गतिविधियों का प्रशिक्षण विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा दिया गया। साथ ही बच्चों को स्वास्थ्य एवं फिटनेस के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।समापन समारोह के अवसर पर वामा सारथी की नोडल अधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी लाइन सुश्री चंचल त्यागी ने प्रतिभाग करने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लाइन सुश्री चंचल त्यागी, प्रतिसार निरीक्षक सुरेन्द्र विक्रम सिंह, प्रभारी वेलफेयर फखरे आलम सहित सभी प्रशिक्षक मौजूद रहे। प्रशिक्षकों में श्रीमती सरिता गौर (पेंटिंग), सुश्री शिल्पा श्रीवास्तव (सेल्फ डिफेंस), श्री राजेश कुमार (डांसिंग), श्री नाहर सिंह (फुटबॉल) तथा श्री दिनेश जादौन (क्रिकेट) प्रमुख रूप से शामिल रहे।समापन अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके निरंतर विकास और प्रगति के लिए शुभकामनाएं दीं।
Follow Samachar24