Loading...

तालाबों से मिट्टी खोदकर, कूड़ा निस्तारण के उपरांत अवशेष मटेरियल को सड़क निर्माण में किया जाये प्रयोग- जिलाधिकारी।

Gargachary Times 15 June 2026, 21:06 45 views
Mainpuri
तालाबों से मिट्टी खोदकर, कूड़ा निस्तारण के उपरांत अवशेष मटेरियल को सड़क निर्माण में किया जाये प्रयोग- जिलाधिकारी।
जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने लोक निर्माण, मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना तथा अन्य निर्माण एजेंसियों द्वारा संचालित निर्माणाधीन एवं प्रगतिशील सड़क परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने, भूमि अधिग्रहण की प्रक्रियाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा गुणवत्ता, मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, भूमि अधिग्रहण, वन विभागीय अनुमतियां, यूटिलिटी, शिफ्टिंग तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर समयबद्ध ढंग से कार्य किया जाये। उन्होनेे दक्षिणी बाईपास परियोजना की समीक्षा के दौरान कहा कि परियोजना हेतु भूमि क्रय में तेजी लायी जाये, भूमि क्रय की प्रगति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामवार एवं किसानवार प्रगति का चार्ट तैयार किया जाए तथा सभी लेखपालों, राजस्व अधिकारियों एवं परियोजनाओं से जुड़े अभियंताओं की नियमित बैठकें कर अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण में आने वाली प्रत्येक समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए यदि किसी किसान को मूल्यांकन अथवा अन्य किसी विषय में आपत्ति है तो उसके निस्तारण के लिए समिति गठित कर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, वन विभाग से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान बताया कि परियोजना के अंतर्गत संरक्षित वन क्षेत्र की भूमि, वृक्षों के संबंध में अनुमतियां अपेक्षित हैं, इस पर उन्होने कहा कि चालान जमा होने के उपरांत उसकी प्रति संबंधित विभागों को तत्काल भेजी जाए तथा संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण कराई जाए, वन, विद्युत विभाग एवं निर्माण एजेंसी के अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का निस्तारण करें। श्री त्रिपाठी ने सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अभियंताओं को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन सड़कों का नियमित निरीक्षण करें तथा जहां कहीं भी सड़क किनारे अत्यधिक कटान या गहरी खुदाई की गई हो, वहां उचित ढाल एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कराए जाएं। उन्होने कहा कि बड़े तालाबों के गहरीकरण एवं पुर्नजीवन कार्यों से प्राप्त मिट्टी का उपयोग सड़क निर्माण में किया जाये, ऐसे तालाबों की पहचान कर प्रस्ताव तैयार करें जिससे एक ओर जल संरक्षण को बढ़ावा मिले और दूसरी ओर निर्माण कार्यों के लिए पर्याप्त मिट्टी उपलब्ध हो सके। उन्होने जनपद में निर्माणाधीन, अनुरक्षण के कार्यों का सड़कवार समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को आदेशित किया कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण किये जायें। उन्होने मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन परियोजनाओं में केवल मिट्टी कार्य अथवा प्रथम परत का कार्य शेष है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए साथ ही सभी परियोजनाओं का शत-प्रतिशत निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में अधिकारियों के आवासों की कमी है, नये पूल्ड हाउस हेतु भूमि का चिन्हांकन कर कम से कम 20 अधिकारियों के लिए पूल्ड हाउस का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्र, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण ऐ.के. अरुण, डालचंद भूकेश, धनुषधारी, अधिशासी अभियंता विद्युत अनिल वर्मा, अधिशासी अभियंता सिंचाई राजीव कुमार, अधिशाषी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण नुज़हत परवीन के अलावा विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के सहायक, अवर अभियंता आदि उपस्थित रहे।
Follow Samachar24