Loading...

करहरा में 24.74 करोड़ की लागत से बनेगा मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय, मंत्री जयवीर सिंह ने किया शिलान्यास

Gargachary Times 15 June 2026, 21:09 43 views
Firozabad
करहरा में 24.74 करोड़ की लागत से बनेगा मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय, मंत्री जयवीर सिंह ने किया शिलान्यास
फिरोजाबाद। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में सोमवार को करहरा में 24.74 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मौजूद रहे। विद्यालय का निर्माण उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद, आगरा द्वारा कराया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल एवं प्रदर्शनियां लगाई गईं। मंत्री जयवीर सिंह ने स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए उत्पाद स्टॉल, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। सभा को संबोधित करते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि करहरा में बनने वाला मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय जनपद के शैक्षिक एवं सामाजिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। सरकार गांवों के बच्चों को भी शहरों जैसी आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में 30 विशाल एवं स्मार्ट कक्षाओं का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक कक्षा में लगभग 50 विद्यार्थियों के अध्ययन की व्यवस्था होगी, जिससे करीब 1500 छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे। विद्यालय में आधुनिक शिक्षण संसाधनों सहित बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता सामग्री, चेक, प्रमाण पत्र एवं टूलकिट भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत रजनी एवं अजहान बेग को 5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया, जबकि ओडीओपी योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रमाण पत्र दिए गए। मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं तथा मनरेगा योजना के तहत 100 दिन का रोजगार पूरा करने वाले श्रमिकों को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, नगर पालिका परिषद सिरसागंज अध्यक्ष रंजना सिंह, ब्लॉक प्रमुख कमलेश राजपूत, जिला पंचायत सदस्य राजीव राजपूत, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी रामबदन राम, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Follow Samachar24