Loading...

अटल पार्क में योग सप्ताह का शुभारम्भ, 21 जून को मनाया जाएगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

Gargachary Times 15 June 2026, 21:10 52 views
Firozabad
अटल पार्क में योग सप्ताह का शुभारम्भ, 21 जून को मनाया जाएगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
फिरोजाबाद। बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं योग सप्ताह (15 जून से 21 जून 2026) का शुभारम्भ रविवार प्रातः अटल पार्क में दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सदर विधायक मनीष असीजा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य तथा कार्यक्रम संयोजक डॉ. शरद वर्मा, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर पी.एस. राना, योग प्रशिक्षक अंकित यादव एवं धर्मेन्द्र कुमार ने योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। योग साधकों एवं उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया।डॉ. शरद वर्मा ने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को भव्य रूप से मनाने के उद्देश्य से जनपद की सभी तहसीलों, ब्लॉकों, ग्राम पंचायतों एवं प्रमुख पार्कों में निःशुल्क योग कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” रखी गई है, जिसके माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) आलोक कुमार ने जनमानस से “करो योग, रहो निरोग” की भावना के साथ नियमित योग अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है। इस अवसर पर गौसेवा आयोग के सदस्य रमाकांत जी, भगवान दास शंखवार, उद्योगपति प्रवीन कुमार, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार, आयुष विभाग के चिकित्साधिकारी, योग साधक एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Follow Samachar24