रात्रि में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3 कुंतल संदिग्ध पनीर नष्ट
Gargachary Times
15 June 2026, 21:11
55 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार रात्रि लगभग 9 बजे सोफीपुर क्षेत्र में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II चन्दन पाण्डेय के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान मिलावटी पनीर से भरा एक वाहन पकड़ा गया, जिसमें लगभग 3 कुंतल संदिग्ध पनीर बरामद हुआ।खाद्य विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वाहन संख्या यूपी 80 एचए 3284 फतेहाबाद से पनीर लेकर फिरोजाबाद आ रहा है, जिसमें मिलावट की आशंका है। सूचना पर टीम ने वाहन को रोककर निरीक्षण किया। इस दौरान पनीर निर्माता माँ वैष्णवी डेयरी, आगरा के मालिक सुभाष चन्द्र भी मौके पर मौजूद रहे। प्रारंभिक पूछताछ में संतोषजनक जवाब न मिलने पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें पनीर के मिलावटी होने की बात सामने आई। निरीक्षण के दौरान पनीर से दुर्गंध भी आ रही थी।
टीम ने नियमानुसार पनीर के दो नमूने संग्रहित किए तथा लगभग 3 कुंतल पनीर को नष्ट कराया। विभाग के अनुसार पनीर में रिफाइंड तेल एवं डिटर्जेंट पाउडर की मिलावट की प्रबल संभावना है। नमूनों को त्वरित जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
सहायक आयुक्त चन्दन पाण्डेय ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से बाहरी जिलों से रात्रिकालीन वाहनों द्वारा मिलावटी पनीर लाए जाने की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी को देखते हुए विभाग की टीमें लगातार रात्रि गश्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मिलावटखोरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर 6 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।
उन्होंने व्यापारियों एवं आमजन से अपील की कि दूध, दही, पनीर, सॉस, जैम, जेली और अचार जैसे खाद्य पदार्थ विश्वसनीय स्रोतों से ही खरीदें। प्रदेशव्यापी अभियान के तहत कुल पांच नमूने भी संग्रहित किए गए हैं। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद वर्मा, डॉ. अनिल यादव, जितेन्द्र कुमार सिंह, राहुल शर्मा एवं सहायक राजकुमार मौजूद रहे।