गांव पोहपा बुर्ज भदाया में महिला ने लगाई फांसी, 3 मासूम बच्चे अनाथ
Gargachary Times
15 June 2026, 21:12
42 views
Mathura
फरह। थाना फरह क्षेत्र के गांव पोहपा बुर्ज भदाया में सोमवार दोपहर 1 बजे एक महिला की फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतका की पहचान विनीता पत्नी सूरज निवासी गांव पोहपा बुर्ज भदाया के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया मृतका ने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, विनीता के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक 3 साल की बेटी शामिल है। पति सूरज और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। घर में कलह, आर्थिक तंगी या अन्य कोई पारिवारिक समस्या के कारण उठाया गया कदम माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से परिजन और गांव वाले गमगीन हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।