आगरा, फिरोजाबाद और मथुरा के ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा शुद्ध पेयजल, केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने की समीक्षा
Gargachary Times
15 June 2026, 21:14
45 views
Firozabad
फिरोजाबाद/एटा। केंद्रीय राज्यमंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने कहा है कि आगरा, फिरोजाबाद और मथुरा के ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकार युद्धस्तर पर कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण समूह पेयजल योजना के तहत एटा के मड़ेरा स्थित 456 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से नहर आधारित जल को शोधित कर ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा।
केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. बघेल ने बताया कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल एवं उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह द्वारा योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक ग्राम मड़ेरा (अवागढ़, एटा) स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर आयोजित हुई, जहां अधिकारियों ने मार्च 2027 तक परियोजना पूर्ण करने का आश्वासन दिया।उन्होंने बताया कि जलेसर विधानसभा क्षेत्र को भी इस महत्वाकांक्षी योजना में शामिल करने के लिए केंद्रीय एवं राज्य जल शक्ति मंत्रियों को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रो. बघेल ने कहा कि जलेसर क्षेत्र के अधिकांश गांवों में खारा एवं दूषित पानी है और लोग अशुद्ध भूजल पीने को मजबूर हैं। चूंकि गंग नहर की पाइपलाइन जलेसर विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजर रही है, इसलिए वहां के गांवों को भी इस योजना से जोड़े जाने की मांग की गई है।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने आगरा में यमुना नदी पर बैराज निर्माण की मांग को लेकर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि आगरा के 15 ब्लॉकों में से 14 ब्लॉक डार्क जोन घोषित हो चुके हैं, जिससे जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है। यमुना पर बैराज बनने से भूजल स्तर में सुधार होगा, पानी की गुणवत्ता बेहतर होगी और ताजमहल की बुनियाद में आवश्यक नमी भी बनी रहेगी।उन्होंने कहा कि बैराज निर्माण से रिवर फ्रंट विकसित होने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रो. बघेल ने जल विशेषज्ञों एवं अभियंताओं की टीम से त्वरित सर्वेक्षण कराकर बैराज निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया है।