केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कलेक्ट्रेट में विकास प्रदर्शनी, डीएम ने किया अवलोकन
Gargachary Times
18 June 2026, 19:33
42 views
Mathura
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा।
केंद्र सरकार के विश्वास, विकास, सफल, संवेदनशील, सुशासन, सेवा एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए तथा योजनाओं के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए।
प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉलों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की। अधिकारियों ने आगंतुकों को योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता एवं लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रदर्शनी में पहुंचे लोगों ने स्टॉलों का अवलोकन कर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।