Loading...

मोहर्रम पर्व पर शांति, सौहार्द और परंपरा बनाए रखने के निर्देश

Gargachary Times 18 June 2026, 19:43 48 views
Jalaun
मोहर्रम पर्व पर शांति, सौहार्द और परंपरा बनाए रखने के निर्देश
हरिओम बुधौलिया उरई। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जनपद स्तरीय शांति समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में धर्मगुरुओं, ताजियादारों, जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों के साथ पर्व से संबंधित व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद अपनी गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक समरसता और भाईचारे के लिए जाना जाता है। उन्होंने निर्देश दिए कि मोहर्रम के सभी कार्यक्रम पूर्व वर्षों की भांति परंपरागत रूप से ही आयोजित किए जाएं। किसी भी प्रकार की नई परंपरा, नया जुलूस मार्ग अथवा नई गतिविधि की अनुमति नहीं होगी। सभी आयोजन निर्धारित मार्गों एवं स्थापित परंपराओं के अनुरूप ही संपन्न कराए जाएं। उन्होंने उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को ताजिया मार्गों का संयुक्त निरीक्षण करने तथा साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी जालौन रिन्कू सिंह राही सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, धर्मगुरु, ताजियादार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Follow Samachar24