डीएम ने ब्लैक स्पॉट सुधार कार्यों का किया निरीक्षण, समयबद्ध गुणवत्ता पूर्ण कार्य के दिए निर्देश
Gargachary Times
18 June 2026, 20:14
37 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने नगर आयुक्त प्रशांत नागर के साथ गुरुवार को जनपद के दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में चिन्हित ब्लैक स्पॉट के सुधार एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। यह कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्य शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सबसे पहले कोटला रोड स्थित बंबा चौराहे पहुंचे, जहां 246.12 लाख रुपये की लागत से सुधार कार्य कराया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि पुरानी क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर 5 मीटर व्यास के नए बॉक्स कलवर्ट का निर्माण पैरापिट वॉल सहित पूरा कर लिया गया है। साथ ही विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर एवं लाइन शिफ्टिंग तथा ओवरहेड विद्युत लाइन को भूमिगत करने का कार्य भी पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिकों के सुगम आवागमन के लिए मार्ग का चौड़ीकरण अत्यंत आवश्यक है, इसलिए कार्य में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।इसके बाद जिलाधिकारी जलेसर रोड स्थित ककरऊ चौराहे पहुंचे, जहां 212.13 लाख रुपये की लागत से सुधार एवं सुदृढ़ीकरण कार्य चल रहा है। अधिशासी अभियंता निर्माण खंड ने बताया कि चौराहे पर चौड़ीकरण एवं वीसीसी कार्य पूर्ण हो चुका है तथा दोनों ओर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का कार्य अंतिम चरण में है। विद्युत लाइन को भूमिगत करने और पुराने पोल हटाने का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने मार्ग किनारे लगे वृक्षों के संरक्षण हेतु उनके चारों ओर चौकी बनाने के निर्देश दिए।इसके उपरांत जिलाधिकारी ने आसफाबाद चौराहे पर 226.26 लाख रुपये की लागत से कराए जा रहे सुधार कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि बच्चूबाबा आश्रम मार्ग की ओर जाने वाले रास्ते का चौड़ीकरण तथा वीसीसी कार्य पूरा हो चुका है। साथ ही थर्मोप्लास्टिक पेंट से रोड मार्किंग, दिशा सूचक बोर्ड, डेलीनेटर एवं रिपीटेड वार्निंग संकेतक लगाने का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन तीनों प्रमुख चौराहों पर किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और स्थानीय लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा मिल सकेगी। जिलाधिकारी ने शेष फिनिशिंग कार्यों को भी समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।