डीएम संतोष कुमार शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के भवनों का किया निरीक्षण
Gargachary Times
18 June 2026, 20:15
35 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने गुरुवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा उयायनी (टूंडला) में निर्मित 568 आवासीय भवनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने निर्मित कमरों में प्रवेश कर उनकी स्थिति, निर्माण गुणवत्ता एवं सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को बेहतर आवास उपलब्ध कराना है, इसलिए इन भवनों को शीघ्र पात्र लाभार्थियों को हस्तांतरित करने की कार्ययोजना तैयार की जाए।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि आवासीय परिसर में जल्द ही एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) भी स्थापित किया जा रहा है। इसके माध्यम से परिसर में स्वच्छता एवं जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा, जिससे यहां रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सुविधाएं मिल सकेंगी।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराए जाएं, ताकि योजना के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।