आगरा आंवल खेड़ा क्षेत्र के ग्राम चौकड़ा में 5 कुंडीय गायत्री हवन यज्ञ संपन्न, वातावरण हुआ भक्तिमय
Gargachary Times
20 June 2026, 20:44
35 views
Agra
आगरा: आंवल खेड़ा क्षेत्र स्थित ग्राम चौकड़ा में हाल ही में रिटायर्ड डीएसपी मध्य प्रदेश पुलिस धर्मवीर सिंह चौहान ने अपनी पत्नी मधु चौहान की पुण्यतिथि पर 5 कुंडीय गायत्री हवन यज्ञ का भव्य आयोजन किया। इस आध्यात्मिक अनुष्ठान ने पूरे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर दिया। इस 5 कुंडीय गायत्री हवन यज्ञ का आयोजन ग्राम चौकड़ा निवासी रिटायर्ड डीएसपी मध्य प्रदेश पुलिस धर्मवीर सिंह चौहान, राजू ,अशोक चौहान, राकेश, श्यामवीर सिंह, धीरेंद्र, धर्मेंद्र, संतोष, अरविन्द, उपेंद्र, एडवोकेट अभिषेक चौहान आदि समस्त चौहान परिवार के द्वारा किया गया। धार्मिक आस्था और लोक कल्याण की भावना के साथ आयोजित इस गायत्री यज्ञ में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आहुति देकर पुण्य लाभ अर्जित किया। आंवल खेड़ा गायत्री शक्तिपीठ परिसर के व्यवस्थापक जितेंद्र द्विवेदी ने यज्ञ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा:हवन यज्ञ को भारतीय संस्कृति में दुनिया का सबसे श्रेष्ठ कर्म माना गया है। शास्त्रों के अनुसार, यज्ञ की पवित्र अग्नि में दी गई आहुतियां न केवल वातावरण को शुद्ध करती हैं, बल्कि घर-परिवार में सुख, समृद्धि और शांति का वास सुनिश्चित करती हैं। गायत्री मंत्र की शक्ति से किया गया यह अनुष्ठान आत्मिक शांति और पारिवारिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है। विशेष वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ 5 कुंडों में आहुतियां दी गईं।गांव के निवासियों ने पूरी श्रद्धा के साथ इस अनुष्ठान में भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान गायत्री परिवार के माध्यम से समाज में नैतिकता और सात्विक जीवन जीने का संदेश भी दिया गया।
इस आयोजन के सफल संचालन में स्थानीय ग्रामीणों और गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद प्रसाद वितरण किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।