जिला पंचायत के निर्माण कार्य में भारी अनियमितताएं, तालाब की जगह बंजर भूमि करवा दिया निर्माण कार्य
Gargachary Times
20 June 2026, 20:53
40 views
Mathura
गोवर्धन। जिला पंचायत के निर्माण का में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। आरोप है कि जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने करीबी व्यक्ति के पत्नी के नाम फर्म को उसी के मूल गांव में तालाब के रिटेनिंगवॉल निर्माण का ठेका दे दिया। ठेकेदार ने निजी स्वार्थ के चलते तालाब की जगह बंजर भूमि में रिटेनिंगवॉल का निर्माण कार्य कर दिया। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने सीडीओ से की। सीडीओ की शिकायत के बाद हरकत में आए जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य बंद करने के निर्देश दिए है।
गौरतलब है कि गोवर्धन ब्लॉक की ग्राम पंचायत पलसो में जिला पंचायत के 15 वें वित्त आयोग की टाइड फंड योजना से तालाब पर रिटेनिंग वॉल का निर्माण कार्य 2025 में होना था। इसके निर्माण के लिए श्रीजी कंस्ट्रक्शन फर्म के प्रॉपराइटर त्रिवेणी पांडेय चुना गया। जिला पंचायत द्वारा निर्माण के ज्यादातर ठेका इसी फर्म को दिए जाते रहे हैं। चुंकि इस फर्म की प्रॉपराइटर त्रिवेणी पांडेय हैं, इनके पति रामकटोर पांडेय जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी के करीबी मित्र हैं। राम कटोर पांडेय गांव पलसो के ही मूल निवासी हैं और सरकारी शिक्षक हैं, उन्होने अपनी पत्नी त्रिवेणी पांडेय के नाम ठेकेदारी का लाइसेंस बनवा दिया और ठेकेदारी के काम खुद देखते हैं। यहीं कारण है कि ठेकेदार ने अपने निजी स्वार्थ के चलते तालाब की जगह पर बंजर भूमि में निर्माण कार्य करवा दिया। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने सीडीओ से की तो जिला पंचायत के अधिकारी हरकत में आ गए। अपर मुख्य अधिकारी विनोद कुमार ढाका ने ठेकेदार त्रिवेणी पांडेय को आदेश जारी कर निर्माण कार्य बंद करने के हिदायत दी।
सड़क निर्माण तालाब के रिटेनिंग वॉल को लेकर भी पहले भी हुई थी शिकायत
जानू महरोली के समीप सड़क निर्माण और पलसो तालाब समेत सहारा के स्वामी बाबा तालाब निर्माण के संबंध में जिला पंचायत सदस्य गुड्डी शर्मा ने भी इस ठेकेदार के खिलाफ शिकायत पूर्व में सीडीओ से की थी, लेकिन उस शिकायत के बाद ठेकेदार के शिक्षित पति ने जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी के ऑफिस में जिला पंचायत सदस्य गुड्डी शर्मा के पति से मांफी मांग कर रफा दफा करवा दिया था।