सीआईआरजी में पीएम किसान की 23वीं किस्त का सीधा प्रसारण, 480 किसानों ने लिया हिस्सा
Gargachary Times
20 June 2026, 20:53
57 views
Mathura
फरह। केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान सीआईआरजी फरह में शनिवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त हस्तांतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। एलईडी स्क्रीन पर हुए प्रसारण में मथुरा जनपद के 480 से अधिक किसानों ने भाग लिया, जिनमें 50% से ज्यादा महिला किसान थीं।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथि दीनदयाल धाम शोध केंद्र के निदेशक सोनपाल रहे। पीएम नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली से एक क्लिक में देश के 9.44 करोड़ किसानों के खातों में ₹18,800 करोड़ की राशि भेजी। 23वीं किस्त से 2.18 करोड़ महिला किसान लाभान्वित होंगी। पीएम ने महिला सशक्तिकरण में पीएम-किसान योजना की भूमिका पर जोर दिया।
प्रो. बघेल ने कहा कि पीएम-किसान योजना किसानों की मूलभूत जरूरतों के लिए वरदान है। उन्होंने फसल बीमा, आयुष्मान भारत और कृषक दुर्घटना कल्याण योजना का लाभ उठाने की अपील की।
इस दौरान मंत्री ने “बकरी संवाद पॉडकास्ट रूम” का उद्घाटन किया। इसका उद्देश्य किसानों तक वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाना है। उन्होंने “अजापारी” मोबाइल सेवा वाहन का अवलोकन भी किया। यह वाहन गांव-गांव जाकर तकनीकी परामर्श देगा। प्रो. बघेल ने कहा कि इससे वैज्ञानिक बकरी पालन को बढ़ावा मिलेगा।
संस्थान निदेशक डॉ. मनीष कुमार चेटली ने पीएम-किसान को आर्थिक सशक्तिकरण का मील का पत्थर बताया। उन्होंने किसानों से बकरी पालन जैसी आयवर्धक गतिविधियां अपनाने को कहा। किसानों ने पीएम का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन संस्थान के वैज्ञानिकों व स्टाफ ने किया।