पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने सुनीं जनसमस्याएं, दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश
Gargachary Times
20 June 2026, 20:56
37 views
Mainpuri
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जन-शिकायतें सुनने के दौरान पुलिस विभाग के अधिकारियों को आदेशित करते हुए कहा कि आज जन-सुनवाई के दौरान महिला उत्पीड़न, दहेज प्रताड़ना के संबंध में जो भी शिकायती प्रार्थना पत्र मिले हैं उनकी निष्पक्ष जांच कर कार्यवाही करें, महिलाओं-बालिकाओं का शोषण किसी भी स्तर पर न हो, महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता पर निपटाया जाए, जांच में किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए, जांच के नाम पर किसी व्यक्ति का शोषण न हो सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कुछ प्रकरण में यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालक, स्वामियों का शोषण किये जाने की शिकायतें मिल रही है, ट्रैक्टर, ई-रिक्शा संचालकों से अवैध वसूली की शिकायत लगातार प्राप्त हो रही हैं, उन्होंने शिकायतों की जांच कर दोषी पाए जाने पर प्रभावी कार्यवाही को कहा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक भूमि चकमार्ग पर अवैध कब्जों की शिकायत मिल रही हैं, सार्वजनिक भूमि से अनाधिकृत कब्जे हटवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्यवाही की जा रही है, जिलाधिकारी के निर्देशन में संचालित ’’मिशन समाधान’’ में वर्षों पुराने भूमि विवाद निस्तारित हुए हैं लेकिन आज कुछ चकमार्गों पर अनाधिकृत कब्जों की शिकायतें प्राप्त हुयी हैं, राजस्व विभाग के अधिकारी चकमार्गों पर अवैध कब्जों की शिकायतों को गंभीरता से लें, सड़क, चकमार्ग आमजन आवागमन के लिए हैं, इस पर कहीं भी अवरोध उत्पन्न न हो, आवागमन को बाधित करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाए।
पर्यटन मंत्री ने विद्युत आपूर्ति, विद्युत बिल सुधार, तार-पोल जर्जर, ढीले होने से संबंधित शिकायतों पर विद्युत विभाग के अभियंताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से बिजली की कटौती न की जाए, जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जहां भी तार, पोल ढीले, क्षतिग्रस्त है, उन्हें प्राथमिकता पर ठीक कराया जाए। उन्होंने दिव्यांग, वृद्धावस्था, निराश्रित महिला पेंशन, आवास योजना का लाभ पाने से संबंधित शिकायती प्रार्थना पत्रों पर कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की संचालित जन-कल्याणकारी योजना का लाभ पाने से वंचित न रहे, प्रत्येक आवासहीन व्यक्ति को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री आवास योजना में लाभान्वित किया जाए, गरीब परिवारों की बेटियों की शादी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य समारोह में कराई जाए, जोड़ों के चिन्हांकन में मानकों का पालन किया जाए। उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मेडबंदी, पैमाइश के उपरांत चिन्हांकन के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाए तो ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजा जाए, ऐसे दबंग व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही न होने से प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगेगा। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि प्रशासन की कार्यवाही के बाद यदि किसी के द्वारा आदेशों के अवहेलना की जाए तो उसके विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही करें ताकि प्रशासन की हनक बनी रहे।
आज जन-सुनवाई के दौरान ग्राम कमलपुर नि. दिव्यांग सोवरन सिंह ने ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने, ग्राम गरगई नि. भूतपूर्व सैनिक विश्वनाथ ने आगरा रोड जरामई से लिंक रोड की मरम्मत करवाने, राजा का बाग नि. शुभम सक्सैना ने गलत विद्युत बिल को ठीक कराने, जासमई नि. राजो, राजेश कुमार, आदि ने भूमि गाटा संख्या-1242ख व 1678 को संक्रमणीय कराने, ज्योति तिराहा नि. बालकराम राजपूत ने 11 हजार के.वी. के विद्युत तारों को उचित दूरी पर लगाने, महाजनान सराए नि. तवस्सुम ने राशन कार्ड बनवाये जाने, ग्राम टिकसुरी नि. बाबू शंकर ने गाटा संख्या-81 की पैमाइश कराने, ग्राम बैरियाहार नि. वीनू कुमार ने ढीले विद्युत तारों को ठीक कराये जाने की मॉग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।
जन-सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अशोक कुमार, प्र. निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर भदौरिया के अलावा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, पैक्सफेड चेयरमैन प्रेमसिंह शाक्य, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष शिवदत्त भदौरिया, उदय चौहान, अर्जुन चौहान, प्रवेश शर्मा सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।