भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसान संगठनों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
Gargachary Times
20 June 2026, 21:04
14 views
Firozabad
सिस्टम सुधार संगठन किसान यूनियन, भारतीय किसान यूनियन (किरन) और भारतीय किसान यूनियन (शिव) के पदाधिकारियों ने भारत-अमेरिका कृषि व्यापार समझौते के विरोध में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन महामहिम राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम प्रेषित किया गया।
किसान संगठनों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि 23 जून को भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित कृषि व्यापार समझौते पर भारत सरकार कोई हस्ताक्षर न करे। संगठनों का कहना है कि यह समझौता भारतीय किसानों और खेती-किसानी के हितों के खिलाफ है तथा इससे देश का किसान आर्थिक रूप से प्रभावित होगा।
किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित ट्रेड डील खेती को बर्बाद करने वाली है और इससे छोटे एवं मध्यम किसानों की आजीविका पर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि देशभर के किसान संगठन, सामाजिक संगठन, बुद्धिजीवी और किसान हितैषी लोग इस समझौते का विरोध कर रहे हैं।संगठनों ने घोषणा की कि 23 जून 2026 को देशभर के जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने यह समझौता वापस नहीं लिया तो संयुक्त किसान मोर्चा और किसान संगठन दिल्ली में बड़ा आंदोलन करेंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में सिस्टम सुधार संगठन किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंशुमन ठाकुर, भारतीय किसान यूनियन (किरन) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी विवेक यादव, भारतीय किसान यूनियन (शिव) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह सिसोदिया, राष्ट्रीय महासचिव कमल यादव, करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष संजय चौहान सहित कई किसान नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।