निम्बार्क सेवा सदन में भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव और 108 कुण्डीय भागवत कथा आज से
Gargachary Times
20 June 2026, 21:06
31 views
Mathura
वृन्द्वावन। पुनीत शुक्ला
ठाकुर श्रीराधासर्वेश्वर भगवान की प्राकट्य लीला भूमि और संतों की सिद्ध भजन स्थली, रमणरेती स्थित श्रीनिम्बार्क सेवा सदन में 21 जून से 28 जून 2026 तक एक भव्य धार्मिक महामहोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। आठ दिवसीय इस महाआयोजन में ठाकुर जी का ‘प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव’, ‘अष्टोत्तरशत श्रीमद्भागवत कथा पारायण’ तथा ‘पंच कुण्डीय महायज्ञ’ अत्यंत धूमधाम से संपन्न कराया जाएगा। इस महोत्सव के मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री व गोरक्षपीठाधीश्वर महन्त श्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज के आने की संभावना है। महोत्सव का आयोजन श्रीनिम्बार्क सेवा सदन के मुख्य संयोजक महन्त सनतकुमारशरण महाराज की देखरेख में हो रहा है। यह धार्मिक अनुष्ठान श्रीमद् जगदगुरु निम्बार्काचार्य पीठाधीश्वर स्वभूराम द्वाराचार्य श्री राधामोहन शरण देवाचार्य जी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित होगा, जो इस कथा के मुख्य व्यास भी होंगे। कार्यक्रम में देश के कई प्रतिष्ठित जगद्गुरु, द्वाराचार्य, महामण्डलेश्वर और वैष्णव अनी अखाड़ों के श्रीमहन्तों का पावन आशीर्वाद व गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
महोत्सव की शुरुआत 21 जून को प्रातः 7 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगी, जिसके बाद प्रातः 10 बजे प्राण प्रतिष्ठा पूजन और 11 बजे पोथी पूजन व ब्राह्मण वरण का विधान संपन्न किया जाएगा। इसके बाद 21 से 27 जून तक प्रतिदिन प्रातः 7 से 12 बजे तक भागवत मूलपाठ और सायं 3 से 6 बजे तक पूज्य महाराज श्री द्वारा श्रीमद्भागवत कथा की रसवर्षा की जाएगी। इसी श्रृंखला में 22 से 28 जून तक प्रातः 7 से 12 बजे के मध्य 'पंच कुण्डीय महायज्ञ' का अनुष्ठान किया जाएगा, जिसके मुख्य यज्ञ यजमान रतनपुर (रायसेन) के शारदा एवं बालकृष्ण मीणा हैं। इसके साथ ही 24 जून को सायं 6 बजे विशेष 'महन्तों का भण्डारा' होगा और इसी दिन रात्रि में दिव्य भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। 25 जून को प्रातः 10 से 12 बजे तक 'समाज गायन' और रात्रि में दिल्ली के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा "मौज फकीरा दी" विशेष भजन कार्यक्रम की प्रस्तुति होगी। अगले दो दिन यानी 26 व 27 जून को प्रातः 10 से 12 बजे तक 'संत विद्वद् सम्मेलन' आयोजित किया जाएगा और अंत में 28 जून को प्रातः 10 बजे से एक 'विशाल भण्डारे' के साथ इस महामहोत्सव का विधि-विधान से समापन होगा।
इस धार्मिक महोत्सव में श्रद्धालुओं के लिए कई विशेष आकर्षण और व्यवस्थाएँ की गई हैं, जिसके तहत प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 'संत वैष्णव भण्डारा' आयोजित होगा। इसके अतिरिक्त हर रात 8 से 10 बजे तक सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों के अंतर्गत भजन संध्या, रासलीला और प्रसिद्ध भजन गायिका साध्वी पूर्णिमा जी (पूनम दीदी) द्वारा हरिनाम संकीर्तन का विशेष आयोजन रहेगा। इस प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के मुख्य आचार्य वृन्दावन के पं. विष्णुकान्त शास्त्री होंगे।