नीट (यूजी)-2026 परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में सकुशल संपन्न
Gargachary Times
21 June 2026, 21:11
40 views
Jalaun
जनपद में रविवार को आयोजित नीट (यूजी)-2026 परीक्षा निर्धारित पांच परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा को नकलविहीन एवं व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए जिलाi प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की गई थी।
परीक्षा के लिए कुल 1,677 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,536 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 141 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा एकल पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और केंद्र व्यवस्थापकों व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित कराया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात किया गया था तथा पूरे समय निगरानी रखी गई। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए प्रभावी पुलिस व्यवस्था की गई, जिससे परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकी।