सेठ बद्री प्रसाद स्मृति महाविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन
Gargachary Times
21 June 2026, 21:12
25 views
Jalaun
सेठ बद्री प्रसाद स्मृति महाविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
योगाचार्य डॉ. सत्य प्रताप सिंह ने प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, शीर्षासन, मयूरासन, मंडूकासन, पद्मासन सहित विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने नियमित योग से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देते हुए ध्यान के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यवाहक प्राचार्य बृजेंद्र सिंह निरंजन ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और नियमित योगाभ्यास से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, तनाव तथा हृदय रोग जैसी समस्याओं से बचाव संभव है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम समन्वयक कन्हैया निखार ने योग को स्वस्थ जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति बताते हुए नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योग करने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। “करो योग, रहो निरोग” के प्रेरणादायक संदेश के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ