दीनदयाल धाम में योगाभ्यास, सैकड़ों लोगों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प
Gargachary Times
21 June 2026, 21:12
15 views
Mathura
फरह। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगला चंद्रभान स्थित दीनदयाल धाम रविवार सुबह योग की ऊर्जा से सराबोर नजर आया। सुबह 6 बजे आयोजित विशेष योग सत्र में सैकड़ों स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ भारत का संकल्प लिया।
योगाचार्य आदर्श मिश्रा और दीपेंद्र के निर्देशन में प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, कपालभाति तथा अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। लगभग एक घंटे तक चले इस सामूहिक योगाभ्यास में सभी आयु वर्ग के लोगों ने एक साथ सहभागिता कर स्वास्थ्य और अनुशासन का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दीनदयाल धाम के निदेशक सोनपाल ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद का सार व्यक्ति के तन, मन और आत्मा के संतुलन में निहित है तथा योग इसका प्रभावी माध्यम है। उन्होंने योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान स्कूली बच्चों को प्रतिदिन 30 मिनट योग करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में पारस ठाकुर, नरेंद्र पाठक, ठा. हरेंद्र सिंह तरकर, लोकेश्वर प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।